महरुआ। थाना क्षेत्र अंतर्गत बरई का पूरा गांव में शनिवार को शौचालय निर्माण को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के चार लोगों को चोटें आईं। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के कुल आठ लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शनिवार को सीताराम द्वारा शौचालय का निर्माण कराया जा रहा था। इसी बीच विपक्षी मंशाराम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण का विरोध किया। इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। चीखपुकार पर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
मारपीट में एक पक्ष की उर्मिला (45) पत्नी सीताराम व उसकी 18 वर्षीय पुत्री तथा दूसरे पक्ष की जगपत्ती देवी (42) पत्नी मंशाराम व उसकी 20 वर्षीय पुत्री किरन को चोटें आईं। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी के साथ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ शंभूनाथ ने बताया कि उर्मिला की तहरीर पर एक पक्ष के शैलेंद्र, गोलू, सनी व मंजू तथा जगपत्ती देवी की तहरीर पर सीताराम, उर्मिला, प्रेमलता, कमलेश के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।