सम्मनपुर के पलईरामनगर में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो।
हजपुरा। सम्मनपुर के पलई रामनगर के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें महिला कलावती की मौत हो गई। 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एक पिकअप और ऑटो रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन से एक ऑटो पर बिहार के बांका जिले के आपदाचक थाना रजवान निवासी मिस्टर खान, चंदौली के सिसौरा थाना कंदवा निवासी नीलम और उनके पति अविनाश, असना थाना कंदवा जिला श्याम प्यारे गुप्ता और सरिता देवी, पटना के शाहपुर जिले के उसरी शिकारपुर थाना निवासी राजू देवी और माधव, हंसवर कटोखर के निवासी अली हुसैन बैठे थे। शाम चार बजे ऑटो पलईरामनगर बाजार पहुंचा। तभी तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में चंदौली निवासी कलावती पत्नी श्याम की मौके पर ही मौत हो गई।
पिकअप चालक देवहट ईटहिया निवासी अरविंद टांडा के भरहा निवासी अमित कुमार अपनी बहन की शादी का सामान लेने सिझौली जा रहे थे। पिकअप में सवार रक्षा राम, अरविंद और सूरज भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दीवान ओमप्रकाश गिरी ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद एएसपी हरेंद्र कुमार, एसडीएम प्रतीक्षा सिंह और सीओ नीतीश कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।