अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के खपुरा गांव के पास शनिवार को सुबह बाइक व ऑटो में भिड़ंत हो गई। इससे बाइक सवार निजी चिकित्सक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके अलावा श्रवणक्षेत्र के पास ब्रेकर पर धक्का लगने से बाइक पर पीछे बैठी महिला नीचे गिर गई। इससे उसे गंभीर चोटें आ गईं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बसखारी थाना क्षेत्र के कपूरी महमदपुर गांव निवासी निजी चिकित्सक प्रवेश वर्मा (35) सुबह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान खपुरा गांव के पास सामने से आ रहे ऑटो ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसके अलावा एक अन्य दुर्घटना में श्रवणक्षेत्र के पास एक महिला बाइक से गिरकर घायल हो गई। बताया जाता है कि महरुआ थाना क्षेत्र के बरामदपुर जरियारी निवासी उर्मिला (60) शनिवार को बाइक पर बैठकर अन्नावां की तरफ आ रही थी। श्रवणक्षेत्र के पास अचानक बाइक सड़क पर बने ब्रेकर पर उछल गई। इससे महिला नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।