अंबेडकरनगर। किसान सावधान हो जाएं। किसी भी व्यक्ति द्वारा सोलर पंप या फिर कृषि विभाग की किसी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसा मांगा जाता है तो तत्काल शिकायत करें। इन दिनों शिकायत मिल रही है कि मोबाईल नंबर 8445051055 से फोन कर किसानों से सोलर पंप का लाभ दिलाने के लिए पैसा मांगा जा रहा है। उसके द्वारा किसानों को विश्वास में लेने के लिए बैंक खाते में जमा कराने के लिए कहा जा रहा है।
उपकृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने किसानों से किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आने की सलाह दी। कहा कि आवेदन करने वाले किसानों को क्रमवार सोलर पैनल का लाभ मिलेगा। ऐसे में किसान किसी के फोन करने पर किसी तरह का भुगतान न करें। किसानों को यदि सोलर पंप प्राप्त करना है तो वह विभागीय पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन करें। कन्फर्म टोकन की धनराशि भी पोर्टल से जनरेट चालान/ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जाता है।
ऐसे में वे किसी के झांसे में आकर किसी तरह का लेनदेन न करें। जिले के यदि किसी भी किसान के पास इस तरह का फोन आता है तो वह कृषि विभाग से संपर्क करें। जिससे वह ठगी का शिकार न हों। कृषि विभाग की तरफ से किसानों को योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ दिलाया जाएगा।