अंबेडकरनगर। लॉकडाउन के बीच जिले में एटीएम सेवा बेपटरी हो गई है। जिला मुख्यालय पर स्थापित अधिकांश एटीएम दगा दे रहे हैं। किसी एटीएम में नकदी की किल्लत है तो कई तकनीकी गड़बड़ी के चलते खराब पड़े हैं। ऐसे में बैंकों में उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है। जबकि कोरोना संक्रमण व सहालग को देखते हुए एटीएम में पर्याप्त नकदी के साथ सैनिटाइजर आदि का प्रबंध होना चाहिए था। हालांकि ऐसा नहीं हो पा रहा है।
कोरोना व सहालग के दौर में उपभोक्ताओं को नकदी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। दरअसल जिला मुख्यालय पर स्थापित ज्यादातर एटीएम सेवाएं मौजूदा समय में बेपटरी हो गई हैं। कई एटीएम में कैश की कमी है तो कई एटीएम ऐसे हैं, जो तकनीकी गड़बड़ी के चलते खराब पड़े हैं। वहीं सहालग का दौर होने के चलते उपभोक्ताओं को इस समय पैसे की सख्त जरूरत है, लेकिन एटीएम सेवाओं के दगा देने से अब बैंकों में ग्राहकों की आमद तेजी से बढ़ रही है। जहां कई बार कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ती रहती हैं।
ग्राहक सीताराम, अखिलेश, कुलदीप, मनोज आदि ने एटीएम सेवाओं की बदहाली पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि बैंक शाखाओं की ओर से ग्राहकों के हितों को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सहालग का दौर होने के चलते रुपयों की सख्त जरूरत है, लेकिन तमाम एटीएम ऐसे हैं, जिसमें कैश ही नहीं है।
कई एटीएम का चक्कर लगाने के बाद भी नकदी नहीं मिल सकी। अब मजबूरन उन्हें बैंक में जाना पड़ेगा। उपभोक्ताओं ने एटीएम में पर्याप्त धनराशि के साथ सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। उधर, एलडीएम आशीष सिंह का कहना है कि एटीएम सेवाओं को सुचारु रखने का निर्देश दिया गया है।