अंबेडकरनगर। सोमवार से जिले में वृहद अभियान शुरू होगा। बुखार, टीबी, कुपोषण, फाइलेरिया- डिफॉरमेटी, मौसमी बीमारियों पर फोकस होगा। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत आशा व आंगनबाड़ी घर घर दस्तक देंगी और नागरिकों को बीमारियों से बचने के लिए जागरूक करेंगी। शहरों व गांवों की साफ सफाई का अभियान शुरू होगा। नागरिकों को भी प्रेरित किया जाएगा कि वह अपने आस पास गंदे पानी को न एकत्रित होने दें।
डीएम ने सभी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री को अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने का निर्देश दिया है। कहा कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नही होगी। बताया कि एक जुलाई से 31 जुलाई 2021 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का संचालन किया जा रहा है। ग्राम प्रधानों के सहयोग से गांवों में एवं नगर पंचायतों/ नगर पालिका परिषद के सहयोग से शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत 12 से 25 जुलाई 2021 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशिक्षित फ्रंट लाइन वर्कर्स घर-घर भ्रमण कर रोगों के नियंत्रण एवं उपचार के लिए नागरिकों को जागरूक करेंगे।
जिला मलेरिया अधिकारी नवनिधि मिश्र ने बताया कि कार्यकर्त्ता इस अभियान के अंतर्गत कुपोषित बच्चों तथा विभिन्न रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर सूचीबद्ध भी करेंगी। मुख्य रूप से बुखार, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस, टीबी व कुपोषित बच्चों पर विशेष फोकस रहेगा। दस्तक अभियान जिले के सभी नौ ब्लॉकों में चलाया जाएगा।
नगरीय क्षेत्रों में भी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। जो घर-घर जाकर लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करेंगी और स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगी। एक हफ्ते से ज्यादा बुखार या खांसी वाले लोगों तथा कुपोषित बच्चों एवं फाइलेरिया डिफॉरमेटी पर विशेष ध्यान होगा। कुपोषित बच्चों की सूची बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को सौंपी जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में रेफर किया जाएगा। इसी तरह टीबी के मरीजों की सूची क्षय रोग विभाग को भेजी जाएगी।