अंबेडकरनगर। संस्कृति निदेशालय लखनऊ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव हासिल करने वाले मेधावियों व कलाकारों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से अलंकृत करेगी। कला व संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आदि में अपने व्यक्तिगत प्रयासों से उत्कृष्टता के आयाम को स्थापित करने वाले कलाकार व मेधावी आवेदन कर सकते हैं।
यह जानकारी जिला सूचना अधिकारी संतोष द्विवेदी ने दी। बताया कि शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत, गायन, वादन, नृत्य, ललित कलायें, नाट्य विधाएं, फिल्म व मीडिया, समाजसेवा, समाज कल्याण युवा कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांग कल्याण, कृषि, उद्यान, दुग्ध विकास, गौसेवा, पशुपालन, वन एवं वन्यजीव, पर्यावरण संरक्षण, उद्यमिता, कौशल विकास, रोजगार सृजन, स्वावलंबन, शिक्षा, साहित्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी खेल इत्यादि के क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान करने वाले मेधावी व कलाकार आवेदन कर सकते हैं। इस पुरस्कार में सरकार की तरफ से चयनित लाभार्थी को 11 लाख रुपये की धनराशि, अंगवस्त्र एवं ताम्रवस्त्र व स्मृति चिंह भेंट किया जाएगा। आवेदक 10 नवंबर तक इस योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं।