अंबेडकरनगर के रमाबाई पीजी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करतीं छात्राएं।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय स्थित रमाबाई राजकीय महिला पीजी कॉलेज में शनिवार को वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ हुआ। पहले दिन दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी समेत अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। 400 मीटर दौड़ में अंकिता वर्मा तो लंबी कूद में लक्ष्मी ने बाजी मारी। इसके अलावा छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ मौके पर पहले दिन विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. राजेश ने बताया कि 400 मीटर दौड़ में अंकिता, लंबी कूद में लक्ष्मी, गोला फेंक में दीपिका वर्मा ने बाजी मारी। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्या प्रोफेसर शेफाली सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीपार्चन कर किया।
उन्होंने छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता में भागीदारी करने से शारीरिक के साथ-साथ मानसिक विकास होता है। ऐसे में सभी को इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। कहा कि हार-जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ऐसे में हार-जीत की परवाह किए बगैर शत-प्रतिशत योगदान देना होगा। इस बीच छात्राओं ने विविध प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर डॉ. अरविंद वर्मा, डॉ. विश्वनाथ द्विवेदी, डॉ. अखिलेंद्र, डॉ. सुधा, डॉ. शाहिद परवेज, डॉ. रवींद्र, डॉ. पूनम, डॉ. अरुणकांत, डॉ. नंदन सिंह आदि मौजूद रहे।