अंबेडकरनगर। बुजुर्गों के बीमार होने पर अब त्वरित इलाज का मास्टर प्लान जिले में प्रभावी बनाया जा रहा है। एक फोन काल पर स्वास्थ्य कर्मी एंबुलेंस से घर पहुंचेंगे और वृद्ध मरीज को जिला अस्पताल या फिर संबंधित सीएचसी/पीएचसी पर ले जाकर समुचित इलाज कराएंगे। नेशनल एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजन योजना के तहत बुजुर्ग मरीजों का सुचारु इलाज सुनिश्चित करने के लिए जिला अस्पताल में 10 बेड की स्थापना कर दी गई है। इसके साथ ही सीएमओ कार्यालय में पहले से बने कोविड कंट्रोल रूम के 14567 टोल फ्री नंबर को ही इस सुविधा के लिए भी संचालित कर दिया गया है। इस बीच योजना के सुचारु संचालन के लिए सोमवार को राज्य स्तरीय दो सदस्यीय टीम ने सीएमओ कार्यालय व जिला अस्पताल पहुंचकर जिम्मेदारों को जरूरी निर्देश दिए।
बुजुर्गों को सुुरक्षा के साथ ही बेहतर इलाज की सुविधा प्रदान हो सके, इसके लिए नेशनल एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजन योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत सोमवार को सीएमओ कार्यालय स्थित टोल फ्री नंबर 14567 को जारी कर दिया गया। इसके साथ ही जिला अस्पताल में बुजुर्ग मरीजों के लिए 10 बेड वाले वार्ड को शुरू किया गया है। पूर्व में बुजुर्गों को सुरक्षा व स्वास्थ्य के लिए योजना का संचालन शुरू किया गया था, लेकिन न तो कंट्रोल रूम की स्थापना हुई थी और न ही अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड ही स्थापित किया गया था।
इस बीच सोमवार को राज्य स्तरीय दो सदस्यीय टीम ने सीएमओ कार्यालय व जिला अस्पताल पहुंचकर जिम्मेदारों से मुलाकात की और जरूरी निर्देश दिए। योजना के नोडल अधिकारी अपर सीएमओ डॉ. सालिकराम पासवान ने बताया कि योजना के तहत सोमवार को कोविड कंट्रोल रूम में 14567 नंबर को सक्रिय कर दिया गया है। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि टीम जिला अस्पताल में आई थी। पूर्व से बुजुर्ग मरीजों के लिए संचालित 10 बेड वाले वार्ड को योजना के अधीन कर दिया गया। साथ ही वार्ड के बाहर योजना से संबंधित पोस्टर लगाए गए। बताया कि टीम के निर्देशानुसार ओपीडी में पंपलेट का वितरण भी आने वाले दिनों में किया जाएगा।
कई अन्य प्रकार के मिलेंगे लाभ
योजना के तहत जिस ट्रोल फ्री नंबर 14567 को जारी किया है, उस पर जब अमर उजाला टीम ने फोन किया, तो बताया गया कि सीनियर सिटीजन को सुरक्षा व स्वास्थ्य संबंधित सुविधाएं तो प्रदान की ही जाएंगी, लेकिन यदि किसी बुजुर्ग ने पेंशन संबंधित समस्या की जानकारी दी, तो उसे भी समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को फोन कर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। इसके अलावा कई अन्य प्रकार की भी समस्याओं का निस्तारण योजना के तहत किया जाएगा।