अंबेडकरनगर। सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को यहां विकास कार्यों के साथ ही हिंदू एजेंडे पर भी पूरा जोर दिया। पवित्र श्रवण क्षेत्र धाम को जगमग करने का भरोसा दिलाया तो राम मंदिर निर्माण का जिक्र करना नहीं भूले। उन्होंने लोगों में पवन सुत हनुमान जैसी शक्ति होने का जिक्र भी खास तौर पर किया। मोहम्मद अली जिन्ना का जिक्र कर भी संदेश देने की कोशिश की कि बीजेपी के पास कोई एक चुनावी तीर ही नहीं है।
कटेहरी पहुंचे लोक निर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह चुनावी मोड़ में दिखे। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो विपक्षी दलों को निशाने पर रखा। विकास की सौगात देने आए डिप्टी सीएम ने विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की, लेकिन वे हिंदू एजेंडे को भी छूते दिखे। डिप्टी सीएम ने इसी एजेंडे के तहत पवित्र श्रवण क्षेत्र धाम की मौजूदा दशा में सुधार का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जल्द ही उसे जगमग कर दिया जाएगा।
श्रवण क्षेत्र से श्रद्धालुओं की अटूट आस्था जुड़ी हुई है। यहां सप्तकोसी परिक्रमा के साथ वर्ष में दो बड़े मेले लगते हैं। इसमें बड़ी तादाद में लोगों की भागीदारी होती है। इसे देखते हुए ही केशव शनिवार को श्रवण क्षेत्र का जिक्र करना नहीं भूले। उन्होंने इसके अलावा आम नागरिकों को पवन सुत हनुमान से भी जोड़ा। कहा कि आप में हनुमान जैसी शक्ति है। उनके इस बयान को भी हिंदू एजेंडे से जोड़कर देखा जा रहा है।
डिप्टी सीएम ने भाषण में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारतीय जनता पार्टी के कारण ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पा रहा है। उन्होंने जनता से सवाल किया कि यदि पीएम नरेंद्र मोदी न होते तो क्या यह सब संभव हो पाता। इन सबके अलावा जिन्ना विवाद का जिक्र करते हुए यह संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिन्ना प्रकरण भी एक बड़ा मुद्दा रहने वाला है। उन्होंने जिन्ना को लेकर मुख्य विपक्षी दल सपा व उसके मुखिया को ठीक से घेरा और उन पर हमले किए। कुल मिलाकर डिप्टी सीएम का कटेहरी दौरा विकास कार्यों के साथ हिंदू एजेंडे के इर्द-गिर्द भी घूमता दिखा।