अंबेडकरनगर। शादी से पहले गंभीर बीमारी की जानकारी छिपाने, ऑपरेशन के नाम पर दो लाख रुपये मांगने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर राजेसुल्तानपुर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
भूपतपुर कोडरहा निवासी पंकज कुमार पांडेय के मुताबिक, उनका विवाह 25 अप्रैल 2025 को केदइरपुर निवासी आकांक्षा से हुआ था। आरोप है कि शादी के समय पत्नी के पिता उपेंद्र कुमार और भाइयों अजीत व अविनाश ने उसे शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ बताया था। शादी के बाद आकांक्षा को घबराहट और बेहोशी की समस्या होने लगी। जांच-पड़ताल में पता चला कि केजीएमयू लखनऊ में उसकी ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है।
पंकज का आरोप है कि 10 मार्च 2026 को उपेंद्र ने आकांक्षा के दोबारा ऑपरेशन के लिए दो लाख रुपये मांगे। विरोध करने पर दहेज के मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। 10 मई को उपेंद्र, अजीत, अविनाश और दो अज्ञात लोगों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज व मारपीट की।
पुलिस से कार्रवाई न होने पर पंकज ने न्यायालय की शरण ली। सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। (संवाद)