अंबेडकरनगर। स्टाफ की कमी के चलते अकबरपुर बस डिपो चालक परिचालक का टोटा झेल रहा है। डिपो संचालन के लिए जरूरी 200 चालक व परिचालक के इतर वर्तमान में क्षमता से आधे मात्र 100 चालक व परिचालक ही कार्यरत हैं। इनमें संविदा व नियमित चालक-परिचालक सभी शामिल हैं। जरूरत के बाद भी पूर्वांचल में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले अकबरपुर डिपो में चालक परिचालक के सौ पद बीते लंबे समय से खाली पड़े हैं। इसके चलते बसों के संचालन में भी काफी परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं अकबरपुर डिपो के बेड़े में मौजूद 57 बसों में से 13 बसें तो ऐसी हैं, जो नीलामी सीमा पार करने के बाद कंडम होने पर भी सड़क पर फर्राटा भर यात्रियों की जान दांव पर लगा रही हैं।
राजस्व के मामले में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाला अकबरपुर डिपो लंबे समय से उपेक्षा का शिकार होकर रह गया है। स्थानाभाव से संघर्ष कर रहे अकबरपुर डिपो में स्टॉफ का टोटा भी लंबे समय से कायम बना है। डिपो संचालन के लिए दो सौ चालक व परिचालक के इतर मौजूदा सौ चालक व परिचालक में से मात्र 42 परिचालक व 47 चालक ही नियमित हैं। अन्य संविदा पर तैनात कर्मी हैं। रिक्त चल रहे चालक व परिचालक के पदों पर तैनाती की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। नतीजा यह है कि बसों का संचालन सुचारु रूप से होने में विभिन्न प्रकार की मुश्किलें खड़ी होती रहती हैं।
इतना ही नहीं डिपो में बसों का टोटा भी कायम बना है। अकबरपुर डिपो के बेड़े में 62 बसें थीं। इनमें से 5 बसें नीलामी की सीमा पार करने के बाद खड़ी कर दी गईं। मौजूदा समय में 57 बसों का ही संचालन हो रहा है, इसमें भी 13 बसें ऐसी हैं, जो नीलामी की सीमा पार कर खतरा बनी हैं।
उपलब्ध कराई जाएं जरूरी सुविधाएं
अकबरपुर डिपो में फैली अव्यवस्थाओं पर यात्रियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग की। अकबरपुर के सुरेश कुमार व जितेंद्र कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग समय समय पर उठाई जाती है, लेकिन कोई ठोस कदम जिम्मेदारों द्वारा नहीं उठाया जा रहा है। टांडा के इमरान व जगदीश ने कहा कि बस का किराया तो अक्सर बढ़ा दिया जाता है, लेकिन यात्री सुविधाओं को बढ़ाए जाने को लेकर जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे यात्रियों को आए दिन विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजा गया पत्र
अकबरपुर डिपो में 100 चालक व 100 परिचालक के पद रिकत चल रहे हैं। मौजूदा समय में 100 चालक व 100 परिचालक की तैनाती है। रिक्त चल रहे पदों पर तैनाती को लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक को कई बार पत्र भेजा गया है। फिलहाल मौजूद संसाधनों के सहारे ही यात्रियों को हर संभव सुविधा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। -एसएन मिश्र, बस स्टेशन प्रभारी