अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के लोरपुर ताजन गांव में युवक ने पिता की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि नशे में धुत पुत्र से पिता ने विरोध जताया तो उसने इस घटना को अंजाम दे दिया। इसके बाद शव को कमरे में ही बंद कर दिया।
गुरुवार सुबह युवक की दादी वहां पहुंची तो कमरे का दृश्य देखकर सन्न रह गईं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने प्रकरण में दिवंगत के रिश्तेदार की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
लोरपुर ताजन गांव निवासी भरतलाल (50) का बुधवार देर रात अपने छोटे बेटे अखिलेश उर्फ गोलू (35) से विवाद हो गया। बताया जाता है कि अखिलेश नशे का आदी है। वह बुधवार रात भी नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। पिता ने इसका विरोध किया तो विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी व झगड़े की आवाज ग्रामीणों ने सुनी लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। ऐसा इसलिए क्योंकि अक्सर ही विवाद होता रहता था।
इसी बीच गोलू ने नाराज होकर एक डंडे से पिता को पीटना शुरू कर दिया। बुरी तरह से घायल भरतलाल बेसुध हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। नशे में धुत गोलू इसके बाद उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर घर में सो गया। परिवार में उस समय कोई और सदस्य नहीं था। गोलू के तीन अन्य भाई हैं लेकिन वे बाहर रहकर नौकरी करते हैं।
उधर घटना का खुलासा तब हुआ जब भरतलाल की मां गुरुवार सुबह मिलने पहुंचीं। बताया जाता है कि भरतलाल की मां दूसरे घर में रहती हैं। वे भरतलाल का शव पड़ा देख सन्न रह गईं। शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। इस पर उसकी मां ने घर के बाहर निकलकर गुहार मचा दी। गांव के लोग दौड़ पड़े। उन्होंने वहां से भागने की कोशिश कर रहे अखिलेश उर्फ गोलू को पकड़ लिया।
थोड़ी ही देर में अकबरपुर कोतवाल अमित सिंह दल-बल के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस टीम ने अखिलेश को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया। बाद में भरतलाल के साले दोस्तपुर निवासी शैलेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अखिलेश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
ग्रामीणों के अनुसार अखिलेश अयोध्या में रहकर निजी काम करता है। चार दिन पहले ही वह गांव पहुंचा था। जब से वह आया था तब से पिता-पुत्र के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। बुधवार रात भी दोनों में विवाद हो गया। शैलेंद्र ने बताया कि भरतलाल के चार पुत्र हैं। मौजूदा समय भरतलाल अकेले ही घर में था। उधर कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।