आलापुर (अंबेडकरनगर)। खेत में कौन सी फसल लगाई गई है, जमीन सिंचित है या असिंचित, सरकारी है या निजी, समेत तमाम जानकारियां अब घर बैठे प्राप्त की जा सकेंगी। इसके लिए ई खसरे में दर्ज 46 कॉलम की सूचना का ऑनलाइन डेटा पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है।
आलापुर तहसील क्षेत्र में 472 गांव हैं। तीन गांवों में चकबंदी चल रही है। यहां ई-खसरा का कार्य अभी नहीं होगा। ऐसे में इन गांवों का खसरा भी ऑनलाइन अपलोड नहीं होगा। 472 गांवों में से 308 में मैपिंग का कार्य पूरा हो गया है, जबकि 34 गांवों में अभी यह प्रक्रियाधीन है। इनमें भी 20 गांव ऐसे हैं जहां 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। एसडीएम सुभाष सिंह ने बताया कि करीब 2,15,627 गाटा का ई खसरा पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। इसमें 1,76,434 लाख से अधिक गाटा की मैपिंग हो चुकी है। ई खसरा ऑनलाइन अपलोड किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि विवरण पोर्टल पर अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ई खसरे के ऑनलाइन किया जाएगा। किस गाटा में कौन सी फसल कितने क्षेत्र में लगाई गई हैं, इसकी जानकारी राजस्व विभाग व बीमा कंपनियों को कार्यालय में बैठकर मिल जाएगी। इससे मुआवजा व बीमा दावे के मामले निपटाने में तेजी आएगी। इसके साथ ही सरकारी जमीनों पर होने वाले कब्जों की भी जानकारी आसानी से हो सकेगी। इन सबको एक क्लिक पर ऑनलाइन देखा जा सकेगा।
बताया कि जिन गांवों में चकबंदी चल रही है उसे छोड़कर अन्य सभी में मैपिंग का कार्य किया जाना है। इस कार्य में लेखपाल, कृषि विभाग में कार्यरत टीएसी, एटीएम, बीटीएम, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और किसान मित्रों आदि को लगाया गया है। उन्हें सर्वे का कार्य अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।