अंबेडकरनगर। अगहन पूर्णिमा के मौके पर बुधवार सुबह टांडा से गुजर रही सरयूू नदी में स्नान करने जा रहे साइकिल सवार श्रद्धालु की नेशनल हाईवे बढ़ियानी के पास कार की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची बसखारी पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मालीपुर शाहगंज मार्ग स्थित रूकुनपुर गन्ना तौल केंद्र के निकट ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे एंबुलेंस की मदद से नगपुर सीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र के बढ़ियानी गांव के पास अज्ञात कार की चपेट में आकर अगहन पूर्णिमा के मौके पर टांडा सरयू नदी में स्नान के लिए जा रहे श्रद्घालु की मौत हो गई। बताया जाता है कि बसखारी थाना क्षेत्र के विठ्लापुर निवासी त्रिभुवन (52) बुधवार सुबह सरयू नदी में स्नान करने के लिए साइकिल से टांडा जा रहे थे।
बढ़ियानी गांव के पास नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया, और मौके पर दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर बसखारी थाने के उपनिरीक्षक कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त की, और सूचना परिजनों को दी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले में केस दर्ज किया जाएगा।
मामला मालीपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत मालीपुर शाहगंज मार्ग स्थित रूकुनपुर के निकट का है। मंसूरपुर गांव निवासी फिरतू राजभर (65) पुत्र शितालू बुधवार दोपहर अपने पौत्र के साथ ठेले से दवा करने सुरहुरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह शाहगंज मार्ग स्थित रूकुनपुर गन्ना तौल केंद्र के निकट पहुंचा था कि इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने ठेले में पीछे से टक्कर मार दी। इससे फिरतू सड़क पर जा गिरा तो ट्रैक्टर ट्राली उसे कुचलते हुए निकल गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी नगपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि चालक मुकेश निवासी रूकुनपुर को हिरासत में ले लिया गया है। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अलीगंज थाना क्षेत्र के कश्मीरिया निवासी राजवीर 26 पुत्र चंद्रेश मंगलवार शाम टांडा रोड पर हरीनगर के पास बोलेरो जीप की टक्कर से घायल हो गया। स्थानीय नागरिकों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार चल रहा है।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के केदारनगर निवासी कामरान 28 पुत्र असलम मंगलवार शाम केदारनगर बाजार में बाइक की टक्कर से घायल हो गया। बताया जाता है कि वह पैदल ही सड़क पार कर रहा था। तभी उधर से गुजर रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर निवासी आलोक 32 पुत्र अमरेश बसखारी मार्ग पर अज्ञात वाहन के टक्कर से घायल हो गया। बताया जाता है कि वह बाइक से बसखारी की तरफ जा रहा था। इसी बीच एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दिया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।