जलालपुर। क्षेत्र के दुल्हूपुर उप डाकघर में पिछले दो महीनों से आधार कार्ड बनाने और उनमें संशोधन करने का काम बंद पड़ा है। तकनीकी खराबी के कारण यह सेवा ठप होने से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुल्हूपुर न्याय पंचायत के पिंडोरिया, जुलाईपुर, पाभीपुर, सीताघाट, कोरझा, करीमनगर, फुलवारी, हाफीजपुर, सिंगोरिया, बिलारी, निमटिनी, मथरा और रसूलपुर सहित कई गांवों के लोग इसी डाकघर पर निर्भर हैं। अमोल बुजुर्ग, कोडाही, कसदहा, गोविंद साहब, नेवरी, तिघरा दाउदपुर, अमडी, भोजपुर, साहपुर महमूदपुर और मंझरिया के ग्रामीणों को भी आधार के काम के लिए अब जलालपुर या बसखारी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रभारी पोस्टमास्टर उमेश पांडेय ने बताया कि मशीन में आई तकनीकी खराबी के कारण आधार सेवाएं बाधित हैं। विभाग को सूचित कर दिया गया है। जल्द सेवा बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।