आलापुर/न्यौरी। आलापुर थाना क्षेत्र में बैंक से पैसा निकालकर घर जा रहे एक ग्रामीण से बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। पैसा छीनने में सफल न होने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गया। गुहार पर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक बदमाश भाग निकले।
सेहरामऊ निवासी इदरीस ने बुधवार दोपहर को न्यौरी की बैंक ऑफ बड़ौदा से पांच हजार रुपये निकाले। इसके बाद वे साइकिल से घर आ रहे थे। रास्ते में शिवतारा गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने गाड़ी आगे खड़ी कर उन्हें रोक लिया। एक बदमाश उनके पास आया और धक्का देते हुए जेब से रुपये निकालने की कोशिश की। इस पर वे उससे भिड़ गए और हाथापाई शुरू करने के साथ ही गुहार लगा दी। शोर सुनकर ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख दूसरा बदमाश गाड़ी से उतरा और अपने साथी को पकड़े जाने से बचाने के लिए इदरीश पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। इसके बाद दोनों बदमाश न्यौरी की तरफ भाग निकले। हड़बड़ाहट में बदमाश इदरीस से रुपये नहीं छीन सके।
बदमाशों के चले जाने के बाद भी काफी देर तक मौके पर हड़कंप का माहौल बना रहा। बाद में पीड़ित ने थाने में घटना की लिखित तहरीर दी। एसओ जावेद इकबाल ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी गई है। उधर, घायल इदरीस को जिला अस्पताल भेजा गया। उसकी दशा सामान्य बताई जा रही है।