अंबेडकरनगर। धान खरीद के 72 घंटे के अंदर किसानों का भुगतान किए जाने को लेकर जिले में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। फिलहाल धान बिक्री करने वाले लगभग 568 किसानों का 3 करोड़ 68 लाख 77 हजार 600 रुपये का भुगतान नहीं हो सका है। सीएम के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने को लेकर एजेंसियां कितनी गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीसीएफ, यूपीएसएस तथा मंडी समिति ने एक भी किसान का भुगतान नहीं किया है। मात्र खाद्य विभाग व भारतीय खाद्य निगम ने ही 190 किसानों का एक करोड़ 67 लाख 45 हजार 200 रुपये का भुगतान किया है।
धान बिक्री करने वाले किसानों को भुगतान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े और उनकी आर्थिक मुश्किलें समय रहते दूर हो सकें, इसके लिए बीते दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश जारी किया था कि धान खरीद के 72 घंटे के अंदर भुगतान कर दिया जाए। मुख्यमंत्री की घोषणा की धान किसानों ने बढ़-चढ़कर सराहना की है। हालांकि अभी इसमें किसानों को ज्यादा राहत मिलती नहीं दिख रही है। फिर भी प्रशासन ने तेजी से भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए तैयारियां और तेज कर दी हैं। इस बीच धान खरीद का कार्य प्रारंभ हुए 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक 568 किसानों का 3 करोड़ 68 लाख 77 हजार 600 रुपये का भुगतान नहीं हो सका है।
खाद्य एवं विपणन विभाग के अनुसार जिले में अब 758 किसानों के 2815.61 एमटी धान की खरीद हो चुकी है। इसके लिए 5 करोड़ 46 लाख 22 हजार 800 रुपये का भुगतान होना है। अब तक मात्र 190 किसानों का एक करोड़ 67 लाख 45 हजार 200 रुपये का ही भुगतान हो सका है। 568 किसानों का 3 करोड़ 68 लाख 77 हजार 600 रुपये का भुगतान नहीं हो सका है। पीसीएफ, यूपीएसएस व मंडी समिति ने एक भी किसान का भुगतान नहीं किया है, जबकि खाद्य विभाग व भारतीय खाद्य निगम ने भुगतान किया है।
भुगतान के दिए गए निर्देश
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार धान बिक्री करने वाले किसानों का 72 घंटे के अंदर भुगतान हो सके, इसके लिए सभी एजेंसियों को निर्देशित किया गया है। शीघ्र ही एजेंसियों के साथ बैठक कर भुगतान की समीक्षा भी की जाएगी।
-राजेश कुमार, खाद्य एवं विपणन अधिकारी