अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने के बाद अब जिले के 402 माध्यमिक स्कूलों में 16 अगस्त से फिर से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। दो पालियों में कक्षाएं चलाने के लिए स्कूलों में समुचित इंतजाम किए गए हैं। पहले ही दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की टीम विद्यालयों का औचक निरीक्षण भी करेगी। विद्यालय प्रबंधन ने छात्र-छात्राओं को मास्क के साथ विद्यालय आना अनिवार्य किया है। विद्यालयों में समुचित सफाई के दावे भी किए गए हैं। यह भी तय किया जा रहा है कि स्कूलों में छुट्टी के समय एक साथ सभी बच्चे बाहर निकलने की बजाए क्रमवार निकलें।
कोरोना संक्रमण से छात्र-छात्राओं केे बचाने के लिए माध्यमिक स्कूलों को भी बंद कर दिया गया था। राज्य सरकार ने अब फिर से माध्यमिक स्कूलों को खोले जाने का निर्णय लिया है। इससे जुड़ी तैयारियां पिछले कई दिनों से जिले में चल रही हैं, जो अब लगभग पूरी हो गई है। जिले में यूपी बोर्ड के 373, जबकि सीबीएसई के 29 माध्यमिक विद्यालय 16 अगस्त से फिर विधिवत खुलेंगे। इन विद्यालयों में हालांकि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का आयोजन होगा। इनमें शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा छात्र-छात्राओं की उपस्थित सुनिश्चित की जा रही है। हालांकि विधिवत पढ़ाई का दौर 16 अगस्त से ही होगा।
इसके लिए पूर्व में दिए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नरेंद्र देव इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य लखमीचंद बताते हैं कि सुबह आठ से 12 बजे तक, जबकि दोपहर बाद साढ़े बारह से साढ़े चार बजे तक दो पालियों में पढ़ाई होगी। कुल 21 कमरों में पढ़ाई का इंतजाम किया गया है। एक बेंच पर दो छात्र-छात्राओं को बिठाया जाएगा। यहां कक्षा नौ में 200, कक्षा दस में 368, कक्षा ग्यारह में 125 तथा कक्षा बारह में 508 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। सभी को मास्क लगाकर आने को कहा गया है। बच्चों की थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई जाएगी।
कन्या इंटर कॉलेज भीटी की प्रधानाचार्य उमा त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 10 में कुल 140 तथा कक्षा 12 में 60 छात्राएं पंजीकृत हैं। गाइडलाइन का पालन करते हुए कक्षाएं संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियां चल रही हैं। विद्यालय परिसर व कक्षों की सफाई के साथ ही पेयजल आदि की व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है। सभी छात्राओं को निर्देश है कि वह मास्क पहन कर आएं और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें। एक कमरे में सिर्फ 15 बच्चों को बिठाया जाएगा।
डॉ. गणेश कृष्ण जेतली इंटर कॉलेज शहजादपुर के प्रधानाचार्य डॉ. विनय कुमार ने बताया कि यहां हाईस्कूल में 192 तथा इंटरमीडिएट में 258 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की चार-चार कक्षाएं दो पालियों में संचालित होंगी। विद्यालय की सफाई करा ली गई है। बिना मास्क के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर के प्रधानाचार्य विपिन सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में 455 व इंटरमीडिएट में 812 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यहां दोनों पालियों में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की छह छह कक्षाएं संचालित करने की तैयारी पूरी की गई है। जो भी विद्यार्थी मॉस्क नहीं लगाकर आएगा, उसे अनुमति नहीं दी जाएगी। पढ़ाई शुरू होने से पहले सभी कक्षाओं को सैनिटाइज किया जाएगा।
न करें कोई चिंता, बरतें सावधानी
जिले में कोरोना संक्रमण पूरी तरह नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी जरूरी प्रबंध लगातार चल रहे हैं। अभिभावकों को निश्चिंत होकर अपने पाल्यों को विद्यालय भेजना चाहिए। उन्हें सिर्फ मास्क लगाने तथा सैनिटाइजर का प्रयोग करने का ध्यान देना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी किया जाए। ऐसा करने पर कोरोना संक्रमण से बचा जा सकेगा।
डॉ. श्रीकांत शर्मा, सीएमओ
पहले दिन होगी आकस्मिक चेकिंग
माध्यमिक स्कूलों के खुलने को लेकर शासन की तरफ से जो गाइडलाइन निर्धारित है, उसका पालन करने का निर्देेश स्कूलों को दिया जा चुका है। स्कूलों की तरफ से तैयारियां भी लगभग पूरी हैं। इसके बावजूद स्कूल खुलने के पहले दिन आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। स्कूलों को यह भी निर्देश है कि वह अपने स्तर से भी टीम बनाकर चेकिंग करते रहें।
-भास्कर मिश्र, डीआईओएस