भीटी (अंबेडकरनगर)। फर्जी अधिकारी बनकर किसान से 36 हजार रुपये ठग लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है।
भीटी थाना क्षेत्र के गोविंदापुर निवासी बुद्धिराम केवट ने थाने में तहरीर देकर बताया कि तीन दिन पूर्व एक अनजान व्यक्ति उसके घर आया और खेत का समतलीकरण कराने को कहने लगा। उसने खेत भी देखा। इसके बाद सोमवार को वह बिना किसी को बताए खेत की जुताई कर चला गया। कुछ देर बाद दो व्यक्ति बाइक से उसके घर पहुंचे और कहने लगे कि तुमने सरकारी ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराई है। ऐसे में उसे दो लाख 60 हजार रुपये जुर्माना भरना होगा।
पीड़ित के अनुसार वह जुर्माने की बात सुनकर डर गया। दोनों लोग किसान से लेनदेन कर मामला सुलझाने की बात करने लगे। इसके बाद वे किसान को लेकर एचडीएफसी बैंक भीटी गए। वहां किसान के खाते से 36 हजार रुपये निकलवाकर दोनों फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि छानबीन की जा रही है। संवाद