जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जलालपुर बाजार के कपड़ा कारोबारी विनोद कुमार मेहरोत्रा से बृहस्पतिवार को फोन पर 35 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कारोबारी के मुताबिक उन्होंने अपनी जमीन का सौदा जैनापुर निवासी संदीप वर्मा से 27 लाख रुपये में तय किया। 25 लाख रुपये ऑनलाइन खाते में भेजने के बाद पत्नी, बेटे और बहू के नाम बाकायदा रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराया। इसकी समय सीमा धीरे-धीरे समाप्त होने को है। ऐसे में जमीन मालिक संदीप से जब बैनामा करने की बात कही तो उसने 35 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। आरोप है कि 30 जुलाई को रंगदारी मांगने वह दुकान पर पहुंचा। इन्कार करने पर दुकान से चला गया और रात 8:37 बजे उनको फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इस घटनाक्रम से उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। धमकी की रिकॉर्डिंग फोन में मौजूद है। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
व्यापारियों में रोष
जलालपुर में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोरी, मारपीट के बाद अब व्यापारियों से रंगदारी की मांग की जा रही है। अपराधियों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर व्यापारी मंडल के प्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया है।