अंबेडकरनगर। कोरोना से जंग जीतने के लिए जिले में वैक्सीनेशन का कार्य लगातार जारी है। सोमवार को 51 केंद्रों के 54 बूथों पर टीकाकरण अभियान चला। कुल 5520 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगना था। इसकी तुलना में 3450 लोगों को टीका लगा। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए बढ़-चढ़कर टीका लगवाएं।
कोरोना संक्रमण की जिले में तेजी से बढ़ रही रफ्तार को रोकने के लिए जिले में टीकाकरण अभियान भी तेज कर दिया गया है। अधिक से अधिक नागरिकों को टीका लग सके, इसके लिए न सिर्फ केंद्र, बल्कि बूथों की संख्या को भी बढ़ा दिया गया है। सोमवार को भी टीकाकरण अभियान चला। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि जिले के 51 केंद्रों के 54 बूथों पर टीकाकरण अभियान चला। कुल 5520 लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य था। इसकी तुलना में 3450 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाया गया।
टीका लगाए जाने के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी। उधर, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।