अंबेडकरनगर। जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से संचालित लोक कल्याण संकल्प योजना पूरी तरह से फ्लाप शो साबित हो रही है। योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बनने वाले 300 खेल मैदानों के इतर अब तक सिर्फ 18 खेल मैदानों को ही संवारने व बनाने का कार्य शुरू हो पाया है। ग्राम प्रधान व सचिवों की लापरवाही के कारण योजना के तहत खेल मैदान बनाने के लिए जमीन का चयन ही नहीं हो पा रहा। इससे खेल प्रतिभाओं को निखारने की सरकार की मुहिम को तगड़ा झटका लग रहा है।
विभिन्न प्रकार के खेलों को बढ़ावा देने व खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लोक कल्याण संकल्प योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में चयनित स्थानों पर खेल मैदान तैयार कर वहां खेल संबंधित उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का प्राविधान है।
योजना के संचालन से खेल प्रतिभाओं में खुशी व्याप्त थी। वर्ष 2022 की शुरुआत से संचालित योजना के तहत जिले में युवा कल्याण विभाग द्वारा 300 खेल मैदान तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसकी पूरी पत्रावली खंड विकास कार्यालयों को उपलब्ध भी करा दी गई। इसके बावजूद खेल मैदान तैयार करने को लेकर पूरी तरह से लापरवाही बरती गई। जिला युवा कल्याण अधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि शीघ्र ही सभी खेल मैदानों को तैयार करने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मनरेगा के तहत होना है कार्य
युवा कल्याण विभाग कार्यालय के अनुसार खेल मैदान के निर्माण का कार्य मनरेगा के तहत कराया जाना है। इसके अलावा खेल मैदान के लिए खेल उपकरणों की खरीदारी ग्राम पंचायत निधि के माध्यम से ग्राम प्रधान व सचिव द्वारा की जानी है। इन सबके बाद भी योजना के तहत खेल मैदान के निर्माण व खेल उपकरणों की खरीदारी नहीं की जा सकी है। मनरेगा उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि सभी पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया है कि शीघ्र ही खेल मैदानों को तैयार कराने का कार्य पूरा कराए।
शीघ्र हो खेल मैदान का निर्माण
अकबरपुर के युवा खिलाड़ी शिवकुमार व विभोर ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना अत्यंत सराहनीय है। इससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। सभी ने खेल प्रेमियों के हित को देखते हुए शीघ्र ही सभी खेल मैदान का निर्माण कार्य पूरा कराए जाने की मांग की है। फुटबाल खिलाड़ी रहमान बेग व क्रिकेट खिलाड़ी दीप कुमार ने कहा कि शहरी क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को तो फिर भी खेलने के लिए जरूरी सुविधाएं मिल जाती हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसा नहीं हो पाता। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में चयनित खेल मैदानों का निर्माण अति शीघ्र कराया जाए, जिससे खेल प्रतिभाओं में निखार हो सके।