अंबेडकरनगर। डीएम सैमुअल पॉल एन ने रविवार को जिला ड्रग वेयर हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान यहां कई दवाएं ऐसी मिलीं, जो एक्सपायर्ड हो चुकी थीं। बड़ी मात्रा में ऐसी दवाएं हैं, जो 31 मई को कालातीत हो जाएंगी, जबकि कुछ दवाएं आगामी तीन से चार माह में एक्सपायर्ड हो जाएंगी। डीएम ने दवाओं का सदुपयोग समय रहते सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की बैठक 22 मई को कलेक्ट्रेट में आयोजित की है। सूत्रों के अनुसार एक्सपायर्ड हुईं दवाओं की कीमत लाखों में है।
उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक की ओर से छापा मारने की कार्रवाई के बीच अंबेडकरनगर में भी डीएम विवार को दवा रखने के लिए बने जिला मुख्यालय के ड्रग वेयर हाउस पहुंच गये। वहां निरीक्षण में उन्हें तमाम दवाएं ऐसी मिलीं, जो एक्सपायर्ड हो चुकी थीं। डीएम ने इन सबका ब्यौरा तलब कर लिया। इसके अलावा कई तरह की दवाएं ऐसी थीं, जो 31 मई को एक्सपायर्ड हो जाएंगी। इन दवाओं में मल्टी विटामिन, पैरासिटामॉल व विटामिन डी आदि शामिल हैं। एक्सपायर्ड हो चुकी दवाओं में ज्यादातर वे दवाएं शामिल हैं, जो कोरोना संक्रमण को देेखते हुए मंगाई गई थीं।
हालांकि इनकी खपत सीएचसी व पीएचसी पर न होने के कारण वेयर हाउस से इन्हें नहीं ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार उच्च स्तर से ही नामित संस्थाओं द्वारा दवाएं सीधे ड्रग वेयर हाउस पर पहुंचा दी जाती हैं। डिमांड न होने के चलते यह दवाएं गोदाम में ही डंप रह जाती हैं। डीएम के निरीक्षण में यह तथ्य भी सामने आया कि तमाम ऐसी भी दवाएं हैं, जो तीन से चार माह में एक्सपायर्ड हो जायेंगी। डीएम ने इसका तत्काल सदुपयोग सुनिश्चित करने का सीएमओ को निर्देश दिया।
इसके साथ ही 22 मई को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी सीएचसी व पीएचसी अधीक्षक तथा सीएमओ व सीएमएस की बैठक आयोजित की है। इसमें जिन दवाओं को आगामी दिनों में एक्सपायर्ड होना है, उनका सदुपयोग प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने पर जोर दिया जायेगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार कर उस पर अमल सुनिश्चित कराया जायेगा।
डीएम के छापा मारने को लेकर सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा से जानकारी चाही गई तो उन्होंने दूसरे चिकित्सकों के ऊपर टाल दिया। बाद में डीएम ने बताया कि कुछ दवाएं एक्सपायर्ड हुई हैं। यह कोई नया मामला नहीं है। पहले भी कुछ दवाएं एक्सपायर्ड होती रही हैं। यह ज्ञात नहीं हो सका है कि कितने रुपये की दवा एक्सपायर्ड हुई है। जो दवाएं निकट भविष्य में एक्सपायर्ड होनी हैं, उसका सदुपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा।