फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: 2891 शिक्षक मतदाता आज चुनेंगे अपना एमएलसी

विज्ञापन
कलेक्ट्रेट से मतदान सामग्री लेकर जाते कर्मचारी। स्रोत सूचना विभाग
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। जिले के सभी नौ ब्लॉकों को मतदेय स्थल बनाया गया है। यहां 2891 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 16 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। वहीं, एसपी प्राची सिंह ने मतदान ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विज्ञापन

डीएम ईशा प्रिया ने बताया कि जिले के सभी नौ ब्लॉकों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को पांच जोन और नौ सेक्टर में बांटा गया है। सभी तहसीलों के एसडीएम को संबंधित क्षेत्रों का जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि नौ अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्ट्रेट से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां
मतदान कराने के लिए बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। मतदान कार्मिकों को मतपत्र, मतपेटिका और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। डीएम ईशा प्रिया और उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्सना बंधु ने मतदान कार्मिकों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए निष्पक्षता से मतदान कराने के निर्देश दिए। कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके बाद पोलिंग पार्टियां संबंधित ब्लॉकों में पहुंचीं और बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर तैयारियां पूरी कीं। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटिकाएं कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मीटिंग हॉल में जमा कराई जाएंगी। इसके बाद एसडीएम न्यायिक आलापुर राहुल गुप्ता और सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार की निगरानी में कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटिकाओं को गोरखपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय भेजा जाएगा।
विज्ञापन

पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
चुनाव के मद्देनजर एसपी प्राची सिंह ने बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरश: पालन करने और मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें। ब्रीफिंग में एएसपी पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी, एएसपी पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह और सीओ नगर अरुण कुमार नौहवार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शिक्षक मतदाताओं को मिलेगा अवकाश
उपचुनाव में मतदान करने वाले पात्र शिक्षक मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अवकाश दिया जाएगा। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। पात्र शिक्षक मतदाता मतदान के दिन अवकाश की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
मैदान में हैं 16 प्रत्याशी
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी के डॉ. संजयन त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के अजय सिंह, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) के डॉ. राकेश सिंह और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के राजीव यादव समेत 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। अन्य प्रत्याशियों में अजीत कुमार सिंह, दिनेश कुमार मिश्र, देव भास्कर तिवारी, डॉ. निरंकार राम त्रिपाठी, पंकज कुमार सिंह, राकेश कुमार तिवारी, डॉ. राजेश पांडेय, रामप्रताप सिंह, डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, शिव श्याम यादव और सत्यपाल सिंह शामिल हैं।
मताधिकार का करें प्रयोग
शिक्षक निर्वाचन के लिए जिले में नौ मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। साथ ही नौ सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सभी मतदाताओं से अपील है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
विज्ञापन


- ईशा प्रिया, जिलाधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें