अंबेडकरनगर। रोशनी के पर्व पर उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली मिल सके, इसके लिए शासन ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। उपभोक्ताओं को निर्बाध ढंग से बिजली उपलब्ध हो सके, इसके लिए शासन से जिले को 24 घंटे का रोस्टर भी उपलब्ध करा दिया गया है। इस बीच रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली मिल सके, इसके लिए बुधवार को अधिशासी अभियंता अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र ने अकबरपुर, बेवाना व मरेला विद्युत उपकेंद्र का जायजा लेकर जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बताते चलें कि दीपावली पर्व पर उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस से लेकर दीपावली तक 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। शासन के दिशा-निर्देश पर जिले में रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराने के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर लीं। सभी उपकेंद्रों के अवर अभियंताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने उपकेंद्र पर बने रहें। यदि कहीं भी फाल्ट होता है, तो तत्परतापूर्वक गड़बड़ी को दूर कराएं।
उपभोक्ताओं को जिले को मिले 24 घंटे के रोस्टर को देखते हुए अधिशासी अभियंता अकबरपुर विद्युत वीके पटेल ने बुधवार को बेवाना, अकबरपुर व मरैला विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध हो सके, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस संबंधित में जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्देशित किया गया है कि यदि कहीं भी गड़बड़ी सामने आती है, तो उसे तत्काल दूर कराया जाए।