अंबेडकरनगर। साइबर अपराध थाने की पुलिस टीम ने कुल 11 लोगों से ठगे गए लगभग 22 लाख रुपये उनके बैंक खाते में वापस कराए। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में बताया कि सर्विलांस व अन्य माध्यमों का प्रयोग कर यह सफलता पाई गई। ऐसे सभी पीड़ित मंगलवार को पुलिस कार्यालय में एकत्र हुए और उनकी रकम वापस कराने पर खुशी जताई।
जहांगीरगंज के फत्तेपुर खास निवासी राहुल कुमार के 5,72,000 रुपये, भीटी थाने के मदारभारी निवासी रामजीत यादव के 79,600 रुपये, अहिरौली थाने के कटेहरी निवासी ओमकार के 10 हजार रुपये, एनटीपीसी टांडा के शशिकांत सिंह के 93,655 रुपये, हंसवर थाना क्षेत्र के केवटला निवासी मंशाराम के 1,32,000 रुपये, आलापुर के शाहपुर निवासी श्याम प्रकाश पांडेय के 24,400 रुपये, अकबरपुर के राबीबहाउद्दीनपुर निवासी रामकुमार के 11 लाख रुपये, अकबरपुर के ही आलमडीह निवासी भागवत प्रसाद उपाध्याय के 27,500 रुपये, अकबरपुर के कदनापुर निवासी विजय प्रताप सिंह के 54,000 हजार रुपये, टांडा के दौलतपुर निवासी दिलीप कुमार के 49,870 रुपये, टांडा के रामपुर कला निवासी परवेज अहमद के 30,000 हजार रुपये पुलिस ने उनके खाते में वापस कराए।
इन सभी पीड़ितों ने बीते दिनों साइबर अपराध का मुकदमा कायम कराया था। थाना प्रभारी रितेश पांडेय ने सिपाहियों विनोद कुमार, अनुराग, कुलदीप उपाध्याय, अतुल यादव, अरविंद व प्रिंस यादव ने मिलकर कुल 21,74,025 रुपये की वापसी संबंधित के बैंक खाते में करा दी। एसपी ने मंगलवार को इन सभी पीड़ितों को बुलाकर उन्हें इसकी जानकारी दी। साथ ही उनसे बैंकों से लेनदेन को लेकर और सजग रहने की अपील की। उन्हें कई तरह के सुझाव भी दिए।