जिला अस्पताल स्थित डायलिसिस यूनिट।
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट का विस्तार किया जाएगा। इसे 18 से बढ़ाकर 40 बेड का किया जाएगा। इससे यहां पर डायलिसिस कराने आने वाले मरीजों को परेशानी कम होगी।
जिला अस्पताल में पीपी मॉडल पर डीसीडीसी कंपनी की ओर से 18 बेड की डायलिसिस यूनिट संचालित की जा रही है। यहां सात से आठ रोगी बेड के लिए इंतजार करते हैं, तब जाकर उनका नंबर आता है। हर दिन करीब 50 से अधिक मरीजों की तीन शिफ्टों में डायलिसिस होती है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां पर बेड बढ़ाने की कवायद शुरू की गई है। इसके लिए सीएमओ की तरफ से शासन को पत्र भेजा गया है। बेड बढ़ने से मरीजों को सहूलियत मिलेगी और उन्हें अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि मरीजों की संख्या को देखते हुए बेड बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे रोगियों के साथ ही तीमारदारों को समस्या से निजात मिलेगी और बेहतर ढंग से डायलिसिस भी हो सकेगी।