अंबेडकरनगर। अलग-अलग स्थानों पर लगी आग में जहां 21 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई, वहीं दूसरी ओर एक चाय की दुकान में रखा हजारों का सामान जल गया। दमकल कर्मियों व ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बसखारी। क्षेत्र के भोजपुर में बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे पिल्लू के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पछुआ हवा के चलते आग ने भयंकर रूप ले लिया और पड़ोस के खेतों को भी अपने आगोश में लेना शुरू कर दिया। आग की लपटें देख आसपास के सैकड़ों ग्रामीण व किसान ने मौके पर पहुंचकर आग बुझााने का प्रयास शुरू किया।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद आग पर करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस ददौरान रहसुनल्लाह, आसिफ, साजिद, खालिद, लईक फारुकी निवासीगण न्योरी, सोहन राणा, राम कुशल, छोटेलाल निवासीगण रुस्तमपुर, हरिकेश निषाद, विनोद निषाद, जितेंद्र निषाद, चनौता देवी निवासीगण भोजपुर, रामनाथ, राम सहाय, अशोक यादव, राम अचल, रामफेर निवासीगण शाहपुर कनकपुर का लगभग 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
छह बीघा जला गेहूं
अंबेडकरनगर। टांडा के केशवपुर गांव में कंबाइन मशीन से निकली चिंगारी में तीन किसानोंं की चार बीघा फसल जलकर राख हो गई। दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। अकबरपुर के यहिया कमालपुर गांव में अवनीश वर्मा के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दो बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों के साथ ही दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।
चाय की दुकान चलकर राख
राजेसुल्तानपुर। राजेसुल्तानपुर-जहांगीरगंज मुख्य मार्ग के तेंदुआईकला बाजार में विजय नारायण मद्धेशिया की चाय और मिठाई की दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे के करीब शार्ट सर्किट से छप्परनुमा दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते तेज लपटें उठने लगीं। जब तक आग को बुझाया जाता तब तक उसमें रखा फ्रिज समेत अन्य सामान जल चुका था। लेखपाल श्रीराम ने आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को भेजी। आग से चंद दूरी पर बिजली का ट्रांसफार्मर मौजूद है। गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता।