जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका जलालपुर की करीब 20 हजार आबादी को जल्द ही शुद्ध पेयजल का लाभ मिलेगा। करीब सवा करोड़ की लागत से नगर पालिका के विस्तारित क्षेत्र वाजिदपुर, कुटियवा व फरीदपुर में बोरिंग का काम पूरा हो चुका है। इन दिनों करीब 15 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। मई के अंत तक काम पूरा कर आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।
नगर पालिका जलालपुर की कुल आबादी 50 हजार से अधिक है। विस्तारित क्षेत्र की 20 हजार आबादी को पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल का लाभ नहीं मिल पा रहा था। नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका की तरफ से इन दिनों वाजिदपुर वार्ड नंबर 12 में स्थित मैरिज हाॅल, वार्ड नंबर एक में कुटियवा के पास व वार्ड नंबर 11 में फरीदपुर में ट्यूबवेल लगाने का काम पूरा हो चुका है।
इन दिनों पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इससे नगर के जलालपुर देहात, फरीदपुर, उस्मानपुर देहात, विकासनगर काॅलोनी, वाजिदपुर, हाजीपुर, शिवम काॅलोनी सहित अन्य मोहल्ले के लोगों को शुद्ध पेयजल का लाभ मिलेगा। फरीदपुर निवासी विक्रम, दिलीप व इरफान ने जल्द से जल्द काम पूरा कराकर पेयजल आपूर्ति शुरु कराए जाने की मांग की है। नगर पालिका अध्यक्ष खुर्शीद जहां ने बताया कि काम तेजी से पूरा कराने का निर्देश है। इस पर अमल भी हो रहा है।