अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं हुईं। पहली पाली में हाईस्कूल और इंटर के छात्रों की उर्दू विषय की परीक्षा आयोजित की गई। पहली पाली में जिले के 96 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल की परीक्षा हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 2607 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें 1026 बालक और 1581 बालिकाएं शामिल थीं।
परीक्षा में 969 बालक और 1543 बालिकाएं उपस्थित रहीं। इस तरह कुल 2512 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 57 बालक और 38 बालिकाएं मिलाकर 95 छात्र अनुपस्थित रहे। इसी पाली में इंटरमीडिएट के छात्रों की उर्दू की परीक्षा भी आयोजित की गई। इसके लिए कुल 1197 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें 366 बालक और 831 बालिकाएं शामिल थीं। परीक्षा में 327 बालक और 806 बालिकाएं उपस्थित रहीं। कुल 1133 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 39 बालक और 25 बालिकाएं मिलाकर 64 छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हुए। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के छात्रों की मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र और तर्कशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा जिले के 54 केंद्रों पर कराई गई।दूसरी पाली की परीक्षा के लिए कुल 1205 छात्र पंजीकृत थे। इनमें 454 बालक और 751 बालिकाएं शामिल थीं। परीक्षा में 421 बालक और 728 बालिकाएं उपस्थित रहीं। इस तरह कुल 1149 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 33 बालक और 23 बालिकाएं मिलाकर 56 छात्र अनुपस्थित रहे।