अंबेडकरनगर। वाहन स्वामियों के लिए खुशखबरी है। फिटनेस शुल्क जमा करने के लिए वाहन स्वामियों को अब परिवहन उपसंभागीय कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वाहन स्वामी घर बैठे ऑनलाइन यह शुल्क जमा कर सकेंगे। 10 अप्रैल से यह व्यवस्था जिले में प्रभावी हो जाएगी। कार्यालय में यह शुल्क अब नहीं जमा होगा। इससे वाहन स्वामियों को काफी राहत मिलेगी। दूर दराज के उपभोक्ताओं को अब कार्यालय का चक्कर लगाने की मजबूरी नही होगी।
वाहन स्वामियों को अधिकाधिक सुविधा देने व परिवहन कार्यालयों में कार्यों के नाम पर होने वाले शोषण को लेकर परिवहन विभाग तेजी से कदम उठा रहा है। अपर परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश के क्रम में जिले के परिवहन उपसंभागीय कार्यालय में 10 अप्रैल से फिटनेस शुल्क नहीं जमा होगा। अब वाहन स्वामी घर बैठे ऑनलाइन यह शुल्क जमा कर सकेंगे। यह जानकारी उपसंभागीय परिवहन अधिकारी केएन सिंह ने दी। बताया कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता व गति देने के लिए शासन स्तर से सराहनीय प्रयास चल रहा है।
विभाग के इस फैसले से न सिर्फ कार्यालय के कर्मचारियों पर काम का बोझ घटेगा, बल्कि फिटनेस शुल्क जमा करने के लिए जिले के दूर दराज के वाहन स्वामियों को जिला मुख्यालय तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। इसके चलते उन्हें काफी मुश्किल होती थी। कई बार विलंब होने पर उन्हें विलंब शुल्क की भी अदायगी करनी पड़ती थी।
शासन के इस फैसले से उपभोक्ता अब आसानी से अपना फिटनेस शुल्क जमा कर सकेंगे। बताया कि इसके पहले शासन के निर्देश पर टैक्स आदि का भुगतान ऑनलाइन हो रहा था। कार्य में हो रही बेहतरी को देखते हुए शासन ने अब फिटनेस शुल्क को भी ऑनलाइन जमा करने की सुविधा प्रदान कर दी है।