अस्पताल के घटिया निर्माण पर भड़के नोडल अधिकारी
अंबेडकरनगर। विकास कार्यों की समीक्षा के लिए दो दिवसीय दौरे पर आए जिले के नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम ने दूसरे दिन मंगलवार को पेठिया में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्हें योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने का आश्वासन भी दिया।
वहीं, टांडा में नवनिर्मित 30 बेड वाले मातृ शिशु केंद्र का घटिया निर्माण मिलने व अन्य गड़बड़ियों पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के मैनेजर को कड़ी फटकार लगाई। नोडल अधिकारी ने गड़बड़ी दूर कर मातृ शिशु केंद्र को अतिशीघ्र स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि जिले के नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम सोमवार को जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। पहले दिन जहां कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा की थी, वहीं दूसरे दिन मंगलवार को विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
टांडा में दो करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड के मातृ शिशु केंद्र के निरीक्षण में विभिन्न प्रकार की गड़बड़ियां मिलीं। छतों में जोड़ों पर दरारें मिलीं, तो रंगाई-पुताई का कार्य भी गुणवत्तापूर्ण नहीं था।
इस पर कार्यदायी संस्था यूपीपीएलसी के मैनेजर वीके श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए गड़बड़ी दूर करने व अतिशीघ्र केंद्र को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
टांडा ब्लॉक के काशी जमालपुर से काशीपुर तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने पीडब्लूडी के अधिशाषी अभियंता को अविलंब निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री शहरी व ग्रामीण आवासीय योजना का पात्रों को समुचित लाभ मिले, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
इसके बाद नोडल अधिकारी ने सद्दरपुर ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय पेठिया में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पात्रों से आह्वान किया कि वे केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा संचालित योजनाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं।
इसमें यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को दें। इस दौरान डीएम सुरेश कुमार, एसपी शालिनी, सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, बीएसए अतुल कुमार सिंह समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।