मंत्रियों को बुनकरों ने सुनाई अपनी व्यथा
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश बुनकर महासभा के बैनर तले विभिन्न जिलों के बुनकरों के प्रतिनिधिमंडल ने एक दिन पहले मंडल महासभा अध्यक्ष हाजी इफ्तेखार अहमद अंसारी के नेतृत्व में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा व हथकरघा मंत्री सत्यदेव पचौरी से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
इसमें कहा गया कि, सरकार द्वारा पावरलूमों पर मीटर रीडिंग आधारित बिल पूरी तरह से प्रतिकूल है। इस पर दोबारा विचार करने की जरूरत है। इससे बुनकरों को आर्थिक चपत लग रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि, सरकार द्वारा फ्लैट रेट योजना के स्थान पर मीटर रीडिंग आधारित बिल भुगतान किसी भी तरह से पावरलूम संचालकों के पक्ष में नही है।
इससे उनका उद्योग-धंधा पूरी तरह चौपट हो जाएगा और ज्यादातर पावरलूम बंद हो जाएंगे, जिससे बुनकरों के समक्ष गंभीर समस्याएं खड़ी हो जाएंगी।
ये भी बताया कि मीटर रीडिंग के आधार पर निकलने वाला समस्त बिल जमा करने के बाद सरकार ने जो 240 यूनिट पर प्रतिमाह तीन रुपये प्रति यूनिट की दर से सब्सिडी देने का फैसला किया है, इससे उन्हें कोई लाभ होने वाला नहीं है।
पावरलूम उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार को नए संशोधन पर विचार कर पुराने नियम ही बरकरार रखने की जरूरत है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो पावरलूम उद्योग पूरी तरह से चौपट हो जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से हथकरघा विभाग, पावर कॉर्पोरेशन व बुनकर प्रतिनिधियों की कमेटी के गठन की मांग की जो आपस में सभी तथ्यों पर विचार कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप सके।
इस पर दोनों मंत्रियों ने सहमति जताई और इस बारे में सरकार से बातचीत करने का भरोसा दिलाया।
बुनकरों ने कहा कि, यदि सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करेगी तो वे हर स्तर पर इसका विरोध करेंगे। इस मौके पर हाजी इस्लामुद्दीन, इलियास, अरशद जमाल, रमजान अली आदि मौजूद रहे।