अंबेडकरनगर। बगैर पंजीयन के यदि कोई भी वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया तो कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में सभी वाहन स्वामियों को चाहिए कि यदि वाहन पंजीयन की अवधि समाप्त हो गई हो, तो उसका तत्काल नवीनीकरण करा लें। एआरटीओ ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि स्कूली वाहनों के सभी कागजात पूर्ण कर लिए जाएं। ऐसे वाहन जो चोरी हो गए, जल गए या फिर वर्तमान समय में निष्प्रयोज्य हैं, उनका पंजीयन तत्काल रद करा लिया जाए।
एआरटीओ केएन सिंह ने कहा कि ऐसे वाहन जिनके पंजीयन की अवधि समाप्त हो चुकी है, उसके वाहन स्वामी अविलंब पंजीयन का नवीनीकरण करा लें। जो वाहन जल गए, सड़ गए, चोरी हो गए या फिर मौजूदा समय में निष्प्रयोज्य हैं, उनके वाहन स्वामियों को चाहिए कि वे कार्यालय पहुंचकर संबंधित वाहनों का पंजीयन रद करा दें।
विद्यालय प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे स्कूली वाहनों के कागजातों की गहनता से स्वयं ही जांच कर लें। यदि इसमें किसी प्रकार की कमी हो, तो समय रहते पूर्ण कर लें। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच के दौरान कोई वाहन अपूर्ण कागजात के साथ मिले, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।