सिपाही भर्ती के लिए मेडिकल परीक्षण शुरू
अंबेडकरनगर। सिपाही भर्ती के लिए मंगलवार से पुलिस लाइन परिसर में मेडिकल परीक्षण प्रक्रिया शुरू हो गई। 626 अभ्यर्थियों के सापेक्ष मंगलवार को पहले दिन 80 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण हुआ। इसमें 60 पुरुष व 20 महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं।
गौरतलब है कि गत दिवस न्यायालय द्वारा सिपाही भर्ती पर लगी रोक हटाए जाने के बाद सिपाही भर्ती का मार्ग प्रशस्त हो गया था। जिले में 626 सिपाहियों की भर्ती होनी है। इसके लिए मंगलवार से पुलिस लाइन परिसर में मेडिकल परीक्षण प्रक्रिया शुरू हो गई।
20 जून तक चलने वाली प्रक्रिया में कुल 626 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण होना है, इसमें 373 पुरुष व 253 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। मंगलवार को पहले दिन मेडिकल परीक्षण कराने के लिए कुल 80 अभ्यर्थी पुलिस लाइन पहुंचे।
एसपी संतोष कुमार मिश्र की देखरेख में डॉ. संजय खरवार, डॉ. प्रदीप गौतम, डॉ. पंकज, डॉ. मुख्तार शेख व डॉ. बी वर्मा की टीम ने मेडिकल परीक्षण किया।
सीओ सदर धर्मेंद्र सचान ने बताया कि, पहले दिन कुल 80 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण हुआ। इसमें 60 पुरुष व 20 महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं। बताया कि 20 जून तक मेडिकल चलेगा।