फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनियमित विद्युत कटौती से बढ़ा संकट, उपभोक्ता परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच जिले की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी हो गई है। रोस्टर के अनुसार बिजली मिलना दूर, जिला मुख्यालय के उपभोक्ताओं को ही बमुश्किल 18 घंटे बिजली मिल पा रही है। शनिवार को एक बार फिर लगभग पांच घंटे की अघोषित कटौती का दंश उपभोक्ताओं को झेलना पड़ा। इससे भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं में त्राहि-त्राहि मची हुई है। उधर बदतर विद्युत आपूर्ति के चलते जिला मुख्यालय की पेयजल व्यवस्था भी बेपटरी हो गई। नगर की लगभग 30 हजार की आबादी को सुचारु पानी न मिलने से उन्हें विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

आसमान से गिरती आग के बीच जिले की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की बात दूर जिला मुख्यालय के ही उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली नहीं मिल पा रही है। रोस्टर के अनुसार जिला मुख्यालय को 22 घंटा बिजली मिलने का प्राविधान है, लेकिन बमुश्किल 16 से 17 घंटा ही बिजली उपलब्ध हो रही है। इसमें भी उन्हें बार बार की ट्रिपिंग का दंश झेलना पड़ रहा है। नतीजा यह है कि भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सुचारु बिजली न मिलने से उनमें त्राहि त्राहि मचा हुआ है। बदतर विद्युत आपूर्ति के चलते जिला मुख्यालय पर पेयजल की भी संकट खड़ा हो गया है।
शुक्रवार को जहां पूरे दिन हुई अनियमित विद्युत कटौती ने विद्युत उपभोक्ताओं को परेशान कर रखा था, वहीं शनिवार को भी सुबह से लेकर देर शाम तक अलग-अलग चरणों में लगभग पांच घंटे की कटौती का दंश उपभोक्ताओं ने झेला। मीरानपुर, शहजादपुर, पंडाटोला, शास्त्रीनगर, पटेलनगर आदि क्षेत्रों में आपूर्ति सबसे ज्यादा प्रभावित रही। इस बीच विद्युत आपूर्ति बेपटरी होने से अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा की जाने वाली जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है। लगभग 30 हजार की आबादी नगर पालिका परिषद की जलापूर्ति पर निर्भर है। ऐसे में सुचारु आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं को एक-एक बाल्टी पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब तक जर्जर हो चुके उपकरणों को नहीं बदला जाता, तब तक न तो सुचारु बिजली उपलब्ध होगी और न ही पेयजल व्यवस्था ही पटरी पर आ सकेगी। जिम्मेदार अधिकारियों को समय रहते इस तरफ आवश्यक कदम उठाया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। नतीजा यह कि इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
विज्ञापन


लगातार बढ़ रही समस्या
अकबरपुर के नरेंद्र जायसवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पावर कारपोरेशन अधिकारियों की लापरवाही के चलते ही उपभोक्ताओं को बदतर विद्युत आपूर्ति का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। जर्जर हो चुके उपकरणों को न बदले जाने के चलते ही समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। रेहान जैदी ने कहा कि बदतर विद्युत आपूर्ति के चलते पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है। पवित्र रमजान माह में न तो सुचारु बिजली मिल रही और न ही पानी। इससे रोजा रखने वालों के समक्ष विभिन्न प्रकार की मुश्किलें हो रही हैं। चेतावनी दी कि शीघ्र ही इसमें सुधार नहीं हुआ, तो मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ेगा।

बदले जा रहे उपकरण, होगा सुधार
शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्थित विद्युत उपकेंद्रों की दशा में सुधार कराया जा रहा है। जरूरी उपकरण बदले जा रहे हैं। कई जगह जगह तारों को भी बदला जा रहा है। जल्द ही स्थिति में आवश्यक सुधार दिखेगा। -एके यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें