फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

15 ट्रांसफार्मर फुंके, 50 हजार आबादी अंधेरे में

Fri, 23 Sep 2016 11:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
अंबेडकरनगर के विद्युत उपकेंद्र अकबरपुर में इस तरह प्रतिदिन पहुंच रहे फुंके ट्रांसफार्मर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
ट्रांसफार्मरों के फुंकने से जिले के ग्रामीण क्षेत्र की लगभग 50 हजार आबादी 24 घंटे से अंधेरे में है। 15 से अधिक ट्रांसफार्मर अलग-अलग क्षेत्रों में फुंक गए हैं। पावर कॉर्पोरेशन के अनुसार एक-दो दिन में ट्रांसफार्मर बदल दिए जाएंगे। गौरतलब है कि इस माह 20 सितंबर तक ही जिले में कुल 127 ट्रांसफार्मर फुंक गए। इनमें से ज्यादातर को कई-कई दिनों बाद बदला जा सका।
विज्ञापन


उमस भरी गर्मी में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल समस्या भी गहराने लगी है। ट्रांसफार्मरों के लगातार फुंकने व बिगड़ने से उपभोक्ताओं में रोष है। जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। इसमें ट्रांसफार्मरों की गड़बड़ी सबसे बड़ी समस्या बनकर सामने आ रही है। हालत यह है कि अलग-अलग क्षमता के विभिन्न ट्रांसफार्मर आए दिन फुंक रहे हैं।

बुधवार शाम से लेकर शुक्रवार दोपहर तक कुल 15 ट्रांसफार्मर ग्रामीण क्षेत्रों में फुंक  गए। जिला मुख्यालय के निकट कटेहरी मार्ग पर लगा 250 केवी ट्रांसफार्मर फुंकने से बुधवार शाम से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ गई। इससे लगभग चार हजार आबादी प्रभावित हुई। उपभोक्ताओं के तमाम प्रयास के बाद भी शुक्रवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
विज्ञापन


भीटी में 160 व 250 केवीए के दो ट्रांसफार्मर गुरुवार शाम फुंक गए। यहां भी शुक्रवार शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। वहीं, जलालपुर के जैतपुर व मालीपुर क्षेत्र में 63, 100 व 25 केवीए के चार ट्रांसफार्मर गुरुवार सुबह से लेकर शुक्रवार दोपहर तक जवाब दे गए। इससे लगभग पांच हजार आबादी प्रभावित हुई।

टांडा व आलापुर तहसील क्षेत्र में भी आधा दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मरों के फुंक जाने से लगभग 15 हजार आबादी बीते 24 घंटे से बिना बिजली के है। 36 घंटे से अधिक समय से जिले में कुल 15 ट्रांसफार्मरों के बिगड़ जाने या फुंक जाने से लगभग 50 हजार आबादी को बिना बिजली के ही गुजारा करना पड़ रहा है। इस बीच बारिश न होने के चलते गर्मी व उमस भी चरम पर है।

इन्हीं परिस्थितियों में ट्रांसफार्मरों के फुंक जाने से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भीटी के श्यामलाल व दुर्गेश ने कहा कि जब तक ट्रांसफार्मरों के निर्माण में भ्रष्टाचार नहीं रुकेगा तब तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। जलालपुर निवासी दिनकर व फैजुल्लाह ने कहा कि ट्रांसफार्मर बनाने वाली कंपनियों पर सख्ती बरतने के साथ ही ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जानी चाहिए।

जिले में 20 दिन के भीतर 10 केवी के 23, 16 केवी के पांच, 25 केवी के 68, 63 केवी के 21, 100 केवी के पांच, 250 केवी का एक तथा 400 केवी के चार ट्रांसफार्मर फुंक गए। ऐसे में कुल 127 ट्रांसफार्मरों ने उपभोक्ताओं का साथ छोड़ दिया। अगस्त में इन्हीं क्षमताओं के कुल 203 ट्रांसफार्मर फुंक गए थे। इनमें से ज्यादातर ट्रांसफार्मरों को तो बदलवा दिया गया लेकिन तब भी कई ट्रांसफार्मर अभी भी बिगड़े पड़े हैं।

 पावर कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि बिगड़े पड़े ट्रांसफार्मरों को तत्परतापूर्वक बदलवाया जा रहा है। कई जगहों पर इनकी क्षमता भी बढ़ाई गई है। जिन जगहों पर ट्रांसफार्मर बिगड़े पड़े हैं, उन्हें भी जल्द ही बदलवा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें