अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लिए जिले के विभिन्न शहरी क्षेत्रों से आए आवेदनों की जांच के बाद पात्रता सूची प्रशासन ने प्रकाशित कर दी है। इसमें सभी 5 नगर निकायों में 16 डीपीआर के माध्यम से आए 10 हजार 587 आवेदनों में से 1414 आवेदक अपात्र पाए गए हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण विभाग ने इसकी सूची कार्यालय में चस्पा करते हुए आवेदकों से आपत्ति मांगी है। कहा गया कि यदि किसी को सूची को लेकर कोई आपत्ति हो तो वह दर्ज करा सकते हैं, जिससे समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।
उप जिलाधिकारी/परियोजना अधिकारी डूडा ने जिले के अकबरपुर, टांडा, जलालपुर नगर पालिका, अशरफपुर किछौछा, इल्तिफातगंज नगर पंचायत से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का लाभ पाने के लिए आए आवेदनों की जानकारी साझा की है। बताया कि अकबरपुर नगर पालिका से 3 डीपीआर के माध्यम से 4 हजार 213 आवेदन आए थे। जांच के दौरान इनमें से 504 आवेदक अपात्र पाए गए हैं। इसके अलावा टांडा नगर पालिका से 3 डीपीआर के जरिए 3694 आवेदन मिले थे। इनमें से 589 आवेदन अपात्रता के चलते अस्वीकार कर दिए गए हैं।
नगर पालिका जलालपुर से 3 डीपीआर के माध्यम से 413 आवेदन मिले थे। जांच में 77 आवेदक अपात्र मिले। अशरफपुर किछौछा नगर पंचायत से 4 डीपीआर से 1814 आवेदन मिले थे। इनमें 192 आवेदन अपात्र होने के चलते अस्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह नगर पंचायत इल्तिफातगंज से 3 डीपीआर से 453 आवेदन आए। जांच के दौरान 52 आवेदकों के आवेदन अपात्र होने के चलते निरस्त किए गए।
डूडा के परियोजना अधिकारी ने बताया कि जांच में अपात्र मिले आवेदकों की सूची नगर निकाय कार्यालय एवं डूडा कार्यालय पर चस्पा कर दी गई है। यदि किसी आवेदक को अपनी अपात्रता संबंधी कोई आपत्ति है तो वह 8 सितंबर तक अपने संबंधित नगर निकाय कार्यालय या फिर डूडा कार्यालय में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। अन्यथा की स्थिति में अपात्र पाए गए आवेदकों को स्वीकृत डीपीआर से तत्काल हटा दिया जाएगा। भविष्य में किसी प्रकार की आपत्ति/शिकायत मान्य नहीं होगी।