अंबेडकरनगर जिले में सिंचाई खंड टांडा द्वारा इस तरह भरवाया जा रहा पानी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले के पशुपालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भीषण गर्मी में मवेशियों की प्यास बुझाने के लिए उन्हें इधर उधर भटकने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। कारण यह कि शासन के निर्देश पर सिंचाई खंड टांडा द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित तालाबों में पानी भरे जाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। शासन से जिले को मिले 650 तालाबों में पानी भरे जाने के लक्ष्य की तुलना में अब तक 125 तालाबों में पानी भरा जा चुका है। शीघ्र ही शेष तालाबों में भी पानी भर दिया जाएगा। इससे एक तरफ जहां मवेशियों को प्यास बुझाने में मुश्किल नहीं होगी, तो वहीं जलस्तर को बढ़ावा मिलने के साथ ही भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
ज्यादातर सूखे पड़े तालाबों के चलते पशुपालकों के समक्ष मवेशियों को पेयजल उपलब्ध कराने का संकट इन दिनों खड़ा होने लगा था। इसे गंभीरता से लेते हुए बीते दिनों ही शासन ने ऐसे तालाबों में पानी भरे जाने के निर्देश दिए थे, जो नहर के निकट हैं। इसे देखते हुए जिले को 650 तालाबों में पानी भरे जाने का लक्ष्य मिला। निर्देशित किया गया कि जल संचयन व जल संरक्षण के साथ ही मवेशियों की प्यास बुझाने में किसी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए जल्द से जल्द लक्ष्य को पूरा किया जाए।
इसी के चलते सिंचाई खंड टांडा ने तालाबों में पानी भरे जाने का कार्य तेजी से प्रारंभ कर दिया है। सिंचाई खंड टांडा के अधिशाषी अभियंता शिवप्रताप सिंह ने बताया कि अब तक 125 तालाबों में पानी भरा जा चुका है। शेष तालाबों में भी पानी भरे जाने का कार्य चल रहा है। शीघ्र ही सभी तालाबों में पानी पहुंच जाएगा। उधर तालाबों में पानी भरे जाने से पशुपालकों ने भी बड़ी राहत की सांस ली है। पशुपालक रामअछैबर व आलोक कुमार ने कहा कि इससे न सिर्फ मवेशियों व पक्षियों को प्यास बुझाने में आसानी होगी, बल्कि भीषण गर्मी में गिरते जलस्तर पर भी अंकुश लग सकेगा।