अंबेडकरनगर। औझीपुर बिजली घर के हंसवर फीडर से जुड़े काजीपुर, जैनुद्दीनपुर, हंसवर, ढेकवा, सैदपुर लेडूवाड़ीह, धंजवल आदि गांव की 25 हजार से अधिक आबादी को बिजली कटौती और लो-वोल्टेज का दंश झेलना पड़ रहा है। 18 घंटे के रोस्टर के बजाय छह से सात घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से ग्रामीणोंं को दुश्वारियोंं को सामना करना पड़ रहा है।
मकोईया उपकेंद्र के 12 गांवों को औझीपुर उपकेंद्र से कुछ दिन पहले जोड़ दिया गया है। यहां पहले से 20 गांव की 25 हजार आबादी के बिजली आपूर्ति का भार था, अब 12 गांव और जुड़ जाने के बाद बिजली घर ओवरलोड हो गया है। आए दिन तार टूटने और ट्रांसफाॅर्मर फूंकने लगे हैं। दिन-रात ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ताओंं को तीन से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बिजली नहीं आने से किसानों की फसलों की सिंचाई समेत बिजली से चलने वाले कुटीर उद्योगों पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लो-वोल्टेज व बिजली कटौती के कारण बिजली के पंखे व अन्य उपकरण, कूलर, फ्रिज आदि न चलने से दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
हंसवर निवासी जावेद, रानू, राकेश गुप्त, प्रमोद सिंह आदि आदि ने बताया कि गांव में बिजली कटौती व लो-वोल्टेज से बिजली उपकरण साथ नहीं दे रहे हैं। अधिकारियों से लो वोल्टेज की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। औझीपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता रविंद्र पाल ने बताया कि नए फीडर का निर्माण कराया जा रहा है, इसके बाद भी समस्या दूर हो पाएगी।