अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस पर हर तिरंगा फहराने के तहत डाक विभाग ने घर-घर तक तिरंगा पहुंचाने की तैयारी की है। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। इधर झंडा बुक होगा, उधर कुछ ही घंटों में पोस्टमैन तिरंगा लेकर आपके दरवाजे पर पहुंच जाएगा। झंडा की बुकिंग 13 अगस्त की रात 12 बजे तक होगी। 20 गुणा 30 इंच के झंडे का मूल्य 25 रुपये होगा।
स्वतंत्रता दिवस पर नौ अगस्त से 13 अगस्त तक हर घर झंडा दिवस मनाया जाना है। इसके लिए डाक विभाग ने 14 हजार झंडे मंगाएं हैं, जो मुख्य डाक घर सहित 34 डाकघरों में उपलब्ध हैं। तिरंगा को घर तक मंगाने के लिए डाक विभाग की ई-पोस्टऑफिस की साइट पर जाकर बुकिंग करनी होगी। डाक विभाग झंडा की बिक्री ऑफलाइन भी कर रहा है।
मंगवाए गए 14 हजार झंडे
डाक विभाग के सभी उपडाक घरों पर तिरंगा झंडा 25 रुपये में दिया जा रहा है। 14 हजार झंडे डाक विभाग ने मंगवाए हैं। ऑनलाइन बुकिंग करने पर तिरंगा झंडा पोस्टमैन घर तक पहुंचाएगा। जो लोग ऑनलाइन बुकिंग नहीं करा सकते वह पोस्ट आफिस आकर झंडा खरीद सकते हैं। - नूतन सिंह, पोस्टमास्टर