अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण से जंग जीतने के लिए 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का लगभग 66 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। तीन जनवरी से प्रारंभ हुए टीकाकरण अभियान में एक लाख 68 हजार 178 टीका लगने की तुलना में अब तक एक लाख 11 हजार 520 किशोरों को टीका लग चुका है। 28 फरवरी तक लक्ष्य को पूरा करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। साथ ही सभी कॉलेज के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि शिक्षकों के माध्यम से उन छात्र-छात्राओं को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें, जिन्हेें अब तक टीका नहीं लग सका है।
कोरोना से जंग जीतने के लिए तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को टीका लगाने का अभियान प्रारंभ हुआ था। जिले मेें एक लाख 68 हजार 178 किशोरों को कोरोना टीका लगाए जाने का लक्ष्य मिला था। 28 फरवरी तक लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया। जिला वैक्सीन कोल्ड प्रबंधक विकास श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक एक लाख 11 हजार 520 किशोरों को पहली डोज दी जा चुकी है, जो कि लक्ष्य की तुलना में लगभग 66 प्रतिशत है। ऐसे में अभी भी 34 प्रतिशत किशोरों को टीका लगाया जाना शेष है।
सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया है कि लक्ष्य को शत-प्रतिशत समय रहते पूरा करने के लिए शिक्षकों के माध्यम से अभियान चलाएं। ऐसे छात्र-छात्राएं, जिन्हें टीका अब तक नहीं लग सका है, उन्हें लगवाने के लिए प्रेरित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सीएमओ कार्यालय के अनुसार एक मार्च से 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को भी टीका लगाए जाने का अभियान प्रारंभ हो सकता है। इस संबंध मेें सभी जरूरी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
दिए गए जरूरी निर्देश
15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का शत-प्रतिशत टीकाकरण हो सके, इसके लिए सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। टीकाकरण तेजी से चल रहा है। निर्धारित समय पर लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।
-डॉ. रामानंद सिद्धार्थ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी