प्रयागराज जंक्शन की आरपीएफ ने प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर से ई टिकट बनाने वाले गिरोह के मास्टर माइंड को पकड़ लिया। यह युवक अपनी अग्रिम जमानत के लिए सोमवार को प्रयागराज आया हुआ था। उसकी जानकारी आरपीएफ को मिली तो उसे लीडर रोड बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल पिछले वर्ष प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर से ई टिकट बनाने वाले एक बड़े गिरोह का आरपीएफ ने पर्दाफाश किया था। इस गिरोह का एक सदस्य आरपीएफ ने कुंडा प्रतापगढ़ से पकड़ा था। पूछताछ के दौरान तब मालूम पड़ा कि युवक अलग-अलग 500 से ज्यादा पर्सनल यूजर आईडी की मदद से टिकट बना रहा था। तब उस युवक ने बताया था कि उसने प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर रेहान नाम के युवक से खरीदा था।
तभी से आरपीएफ रेहान की खोज में जुटी हुई थी। उसे ही इस गिरोह का मास्टर माइंड माना जा रहा था।सोमवार को जानकारी मिली कि रेहान अंसारी उर्फ शमसेर जो पश्चिमी बंगाल के जगतदल का निवासी है वह प्रयागराज में अपनी अग्रिम जमानत के लिए आया हुआ है तो उसे आरपीएफ एसआई अमित द्विवेदी, सत्यास यादव, योगेश कुमार ने लीडर रोड बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया।