करेली में रहने वाले राकेश पाल (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव शनिवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में मिला। मौके से ही उसकी बाइक व शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अफसरों का कहना है कि उसके पकड़े जाने के बाद ही हत्या की वजह साफ हो सकेगी।
करेली के सैदपुर में रहने वाला राकेश पंचर की दुकान चलाता था। घर में पत्नी हीरामणि और दो बच्चे हैं। घर के पास ही उसका खेत है, जिसमें उसने ट्यूबवेल भी लगा रखा है। जिससे खेतों में पानी देकर भी वह रोजी कमाता था। इसके चलते वह कभी-कभी ट्यूबवेल के पास ही देर रात तक रुक जाता था। शुक्रवार रात वह बहुत देर तक नहीं लौटा तो घरवालों को लगा कि वह खेत में ही रुक गया होगा। सुबह खेत में उसका खून से लथपथ शव देख ग्रामीण स्तब्ध रह गए। सूचना पर घरवाले और पुलिस भी आ गई। सिर और चेहरे पर गोली मारकर उसे मौत के घाट उतारा गया था।
हत्यारे ने पीठ पर धारदार हथियार से वार भी किया था। घटनास्थल से कुछ दूर पर ही बाइक व शराब की दो खाली बोतलें मिलीं। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल की ओर आने वाले रास्ते पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा मिला। जिसकी फुटेज में मृतक एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक से आता दिखा। फिलहाल पुलिस उसे ही मुख्य संदिग्ध मानकर तलाश में जुटी है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पत्नी ने किसी तरह के विवाद की बात से इंकार किया है। जांच पड़ताल की जा रही है।