क्रिसमस की दस्तक के साथ ही घरों और गिरजाघरों में तैयारियां का सिलसिला तेज हो गया है। परमेश्वर के आने की खुशियों में मसीही डूबे हैं। बच्चों, युवाओं, महिलाओं के अतिरिक्त बुजुर्गों के मन में भी क्रिसमस को लेकर उत्साह है। इसीलिए परंपरा के मुताबिक पल्ली पुरोहित घर-घर जाकर बुजुर्गों और बीमारों के बीच प्रभु यीशु के आने का संदेश और पर्व की शुभकामनाएं दे रहे हैं। मसीहियों की टोली संग पादरियों का घरों में पहुंचना बुजुर्गों के जीवन में खुशियां भर रहा है।
वहीं घरों से लेकर गिरजाघरों तक में पर्व की तैयारियां दिन-रात की जा रही हैं। यीशु के आगमन का संदेश देती चरनी सजाई जा रही है। क्रिसमस ट्री सजाए जा रहे हैं तो घरों, गिरजाघरों में कैरल्स का सिलसिला भी जारी है। सेंट जोसेफ कैथिड्रल, आल सेंटस कैथिड्रल, जमुना चर्च, लाल गिरजाघर, चौक चर्च, होली ट्रिनिटी चर्च, म्योराबाद, कटरा चर्च में आकर्षक सजावट की गई है। विशेष स्टार से भी घरों की आभा बढ़ी है। होली ट्रिनिटी चर्च के पल्ली पुरोहित राजेश जोसेफ के मुताबिक खुशियों का सिलसिला नववर्ष के स्वागत के साथ पूरा होगा।
जरूरतमंदों के लिए दान भी
प्रभु यीशु के जन्मदिन के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न चर्चों की ओर से जरूरतमंदों के बीच उपहार बांटे जा रहे हैं। मसीही घरों में मजलूमों के लिए दान की रकम निकाली गई है। सेंट पीटर्स चर्च, म्योराबाद के पल्ली पुरोहित प्रवीण मैसी के मुताबिक परमेश्वर का जन्म अति सामान्य परिवार में हुआ था। ऐसे मेेें क्रिसमय पर जरूरतमंदों की मदद करना हर मसीही का फर्ज है। चर्च की ओर से मलिन बस्तियों, वृद्धाआश्रम आदि में उपहार बांटे जा रहे हैं। यह सिलसिला क्रिसमस तक जारी रहेगा।