फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज में बना अनोखा विश्व रिकॉर्ड, 500 से ज्यादा शटल बसों का 9 किलोमीटर लंबा काफिला

Thu, 28 Feb 2019 01:16 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
Guinness World Record
विज्ञापन

कुंभ मेले के दौरान प्रयागराज के खाते में गुरुवार को एक नई उपलब्धि दर्ज हो गई है। प्रयागराज विश्व का एकमात्र ऐसा शहर बन गया, जहां 503 बसों की परेड एक साथ कराई गई। इसे गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल भी किया गया। खुद इसकी घोषणा गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड के मुख्य निर्णायक अधिकारी ऋषिनाथ ने की। कहा कि अभी तक यह कीर्तिमान वर्ष 2010 से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पास था। तब यूएई में 390 बसों की एक साथ परेड कराई गई थी।

विज्ञापन


कुंभ मेला प्रशासन की ओर से पिछले दिनों 500 शटल बसों की एक साथ परेड कराने का एलान किया गया था। इसी के तहत गुरुवार को इन बसों की परेड राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर सहसों से नवाबगंज के बीच कराई गई। रोडवेज ने आठ किलोमीटर से अधिक दूरी में खड़ीं 510 शटल बसों को एक साथ चलवाया। इस दौरान इनमें से सात बसें डिसक्वालीफाई कर दी गईं। 503 बसों ने 15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से 3.2 किलोमीटर की दूरी तय की। परीक्षण करने के बाद दिन में तीन बजे मेला क्षेत्र स्थित इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड के मुख्य निर्णायक अधिकारी ऋषिनाथ और उनकी टीम ने 503 बसों को एक साथ निर्धारित मानक के अनुसार संचालन पाए जाने पर नए विश्व कीर्तिमान की घोषणा कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि इसके पूर्व एक साथ 390 बसों के संचालन का विश्व कीर्तिमान यूएई ने वर्ष 2010 में हासिल किया था।

इसके पूर्व सुबह आठ बजे प्रमुख सचिव परिवहन आराधना शुक्ला ने इन बसों को झंडी दिखाई। मध्य प्रदेश में होने की वजह से परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह इसमें शामिल नहीं हो सके। गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बनने के बाद मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल, मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. हरिशचंद्र यादव आदि अफसरों ने खुशी जाहिर की। कमिश्नर ने कहा कि यह प्रदर्शन सिर्फ रिकार्ड के लिए नहीं, बल्कि कुंभ में की गई विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं को एक मानक के रूप में प्रदर्शित करता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें