सर्जन का हैरान करने वाला जवाब, कहा-मृतका के पते-परिवार के बारे में जानकारी नहीं
इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सर्जन ने नाम छोड़कर मृतका के बारे में अन्य जानकारी होने की बात से इंकार कर दिया। कोतवाली प्रभारी एसआई मुदित राय के पूछने पर कहा कि वह सोनू सिंह के माध्यम से उनसे मिली थी। जिसके बाद उन्होंने उसे बतौर मेड फ्लैट में रख दिया था। वहीं रहकर वह सात-आठ वर्षों से फ्लैट की देखरेख करती थी। सर्जन की ओर से पुलिस को दी गई लिखित सूचना में भी यही बताया गया। एक और खास बात यह कि सर्जन सोनू सिंह के बारे में भी पुलिस को जानकारी नहीं दे पाए। फिलहाल देर रात तक जांच पड़ताल चलती रही।
हत्या की भी जताई जा रही आशंका
पुलिस पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। दरअसल, घटनास्थल पर खून भी बहा हुआ था जो कई दिन बीत जाने के कारण सूख गया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि शव के पास ही काफी मात्रा में बाल पड़े हुए थे। यह सिर के बाल लग रहे थे। सवाल यह है कि सिर से बाल कैसे अलग हुए। हालांकि पुलिस का कहना है कि फ्लैट में भीतर जाने का कोई दूसरा रास्ता नहीं। जबकि दरवाजा भीतर से बंद था।
पड़ोसी भी नहीं दे पाए कोई जानकारी
मामले में चौंकाने वाली बात यह भी रही कि अगल-बगल के फ्लैट में रहने वाले पड़ोसी भी मृतका के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए। उनका कहना था कि मृतका कभी-कभी ही बाहर निकलती थी। फ्लैट में किसी को आते-जाते भी नहीं देखा। गौरतलब है कि दूसरे तल पर फ्लैट नंबर 2/2 में यह घटना हुई। इस तल पर कुल 16 फ्लैट हैं जिनमें लोग रहते हैं। लेकिन मृतका के बारे में कोई कुछ नहीं बता सका।
आईडी में भी परिजनों का जिक्र नहीं
पुलिस को जांच पड़ताल के दौरान कमरे से एक लेडीज पर्स मिला है। इसमें एक कीपैड मोबाइल के अलावा आईडी प्रूफ था। लेकिन इसमें भी उसके परिजनों के नाम
का कोई जिक्र नहीं था। इसमें मृतका का नाम लिखा था। पता लाउदर रोड रामबाग लिखा था। पुलिस कॉल हिस्ट्री खंगालने में जुटी रही।