टक्कर के बाद फट गई सीएनजी पाइपलाइन, मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शी नहवाई निवासी राहुल मिश्र के अनुसार, बाइक की रफ्तार अधिक थी। सड़क पर मोड़ और एक बरगी के कारण दोनों वाहन आमने-सामने आते ही चालक नियंत्रण खो बैठे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का रिम, सॉकर समेत अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो की सीएनजी पाइपलाइन भी फट गई और गैस का रिसाव होने लगा। आग न लगने से बड़ा हादसा टल गया।
दो परिवारों में मचा कोहराम
रंजू देवी की मौत की खबर घर पहुंचते ही बेटे अनित कुमार और बेटियों आंचल व अनन्या का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं चार भाई-बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित दीपक सिंह की मौत की खबर से मां एवं भाजपा छानबे मंडल की उपाध्यक्ष विद्या सिंह और फाइनेंस कंपनी में कार्यरत बड़े भाई विक्रम सिंह भी बेसुध हो गए। दोनों परिवारों में कोहराम मचा रहा।