केंद्र में मोदी सरकार के दो वर्ष पूर्ण होेने के उपलक्ष्य में पीएम नरेंद्र मोदी की बृहस्पतिवार को सहारनपुर में रैली के बाद पार्टी के आला नेता अब इलाहाबाद कूच करना शुरू कर देंगे। इलाहाबाद में 12 एवं 13 जून को भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जल्द ही पार्टी के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू, जयंत सिन्हा, सिद्धार्थ नाथ सिंह आदि नेता यहां पहुंचने वाले हैं।
इलाहाबाद में 31 मई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली है। इसके बाद 12 एवं 13 जून को भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक केपी कालेज ग्राउंड में होनी है। कार्यकारिणी की बैठक के समापन के बाद 13 को ही परेड ग्राउंड में पीएम मोदी की सभा भी आयोजित है। इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की देखरेख में ही होनी है। सो केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, जयंत सिन्हा आदि इसी माह इलाहाबाद पहुंच रहे है। इसके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह भी 30 मई को इलाहाबाद पहुंच रहे है। वे एक जून तक इलाहाबाद में ही रहेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ 31 मई को वे केपी कालेज ग्राउंड और परेड ग्राउंड का मुआयना भी कर सकते हैं। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के भी इलाहाबाद आने की खबर है। केशव भी पार्टी नेताओं के साथ केपी कालेज ग्राउंड और परेड मैदान का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा 31 मई को अंदावा में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की किसान रैली में भी मंच साझा करेंगे। भाजपा प्रवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्र के मुताबिक सिद्धार्थ नाथ सिंह का कार्यक्रम आ चुका है। वेंकैया नायडू एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी कार्यक्रम एक दो दिन में आ जाएगा।